Published:
02 Nov 2026, 12:02 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
चमोली। विकासखंड के चंद्रशिला पट्टी में भालू के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों और पशुपालकों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर भालू के आतंक को रोकने के लिए प्रभावी कदम न उठाने का आरोप लगाया है। बीती रात बंगथल गांव में भालू ने दो गौशालाएं तोड़कर एक बैल को मार डाला, जबकि एक अन्य बैल और गाय को घायल कर दिया।
इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान ज्योति देवी के नेतृत्व में गांव के नीचे सड़क पर मृत बैल को रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार मवेशियों को मारने के बावजूद भालू के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने लगभग एक घंटे चला आंदोलन समाप्त किया।
पिछले एक सप्ताह में चंद्रशिला पट्टी के विभिन्न गांवों जैसे बंगथल, डुंगर, किमोठा और कांडई चंद्रशिला में कई दुधारू पशु भालू के हमलों का शिकार हुए हैं, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीण अब स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि उनके पशुधन और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
