Published:
02 Nov 2026, 12:03 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने अपनी कई प्रमुख मांगों को अनदेखा किए जाने के विरोध में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में पिछले तीन महीने का बकाया वेतन, महंगाई भत्ता (डीए), बोनस का भुगतान और निगम के बेड़े में नई बसों को शामिल करना शामिल है। इसके अलावा, यूनियन ने राज्य में निजी बसों के अवैध संचालन पर तत्काल रोक लगाने की भी पुरजोर मांग की है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि गुरुवार को परिवहन निगम की एमडी रीना जोशी के साथ हुई लंबी वार्ता में उनकी मांगों पर कोई सहमति नहीं बन पाई। बातचीत विफल होने के बाद यूनियन ने साफ कर दिया है कि अब यह आर-पार की लड़ाई है। इस हड़ताल के चलते देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, टनकपुर समेत सभी डिपो से बसों का संचालन बंद हो गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
