Published:
02 Nov 2026, 12:03 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज एवं येलो अलर्ट के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों और पर्यटन पर नियंत्रण रखने के महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, तब तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखा जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश एवं खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए। यह कदम पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें संभावित जोखिमों से बचाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें और समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाएं।
इसके अतिरिक्त, संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे क्षेत्रों में यातायात को नियंत्रित किया जाएगा ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। यदि कोई सड़क बाधित होती है, तो संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया है। पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।
