Published:
02 Nov 2026, 12:03 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड का बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय दौरा टाल दिया गया है। राष्ट्रपति को 1 नवंबर को देहरादून पहुंचना था, जिसके बाद 2 नवंबर को उनके केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित था।
राष्ट्रपति भवन की ओर से उत्तराखंड शासन को एक पत्र के माध्यम से उनके देहरादून और केदारनाथ दौरे के स्थगित होने की औपचारिक सूचना भेज दी गई है। यह जानकारी मिलने के बाद राज्य में दौरे को लेकर चल रही सभी तैयारियां फिलहाल रोक दी गई हैं।
राष्ट्रपति सचिवालय ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को इस संबंध में एक पत्र भेजा है। 29 अक्टूबर को जारी इस पत्र में पूर्व निर्धारित 1 और 2 नवंबर के कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की बात कही गई है।
पत्र में दौरा स्थगित किए जाने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, जिससे यह अनिश्चितता बनी हुई है कि राष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरा किन परिस्थितियों के चलते टाला गया है।
इस दौरे को लेकर उत्तराखंड शासन और जिला प्रशासन सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा था। अब सभी की नजरें राष्ट्रपति भवन द्वारा घोषित किए जाने वाले नए कार्यक्रम पर टिकी हैं।
