Published:
07 Oct 2026, 12:07 AM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
देहरादून। दिल्ली में चल रहे विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यह पुरानी आदत है कि वह अपनी हार के बहाने संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह खड़े करता है। विपक्षी दल स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि यह पूरा देश देख रहा है कि विपक्ष का यह विरोध सिर्फ एक बहाना है। उनका असली मकसद यह है कि जो सही ढंग से काम चल रहा है, वह उनको पसंद नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव को प्रभावित करने की अपनी मंशा में सफल नहीं हो पा रहा है, इसलिए संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर हंगामा कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने ईवीएम के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी ईवीएम पर हार का ठीकरा फोड़ता है, लेकिन जब उसी ईवीएम से चुनाव जीतता है, तब वह ईवीएम अच्छी हो जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, प्रशासनिक मशीनरी सहित कोई भी ऐसी संवैधानिक संस्था नहीं है, जिस पर विपक्ष उंगली न उठाता हो। धामी ने स्पष्ट किया कि देश संविधान और विधि-व्यवस्था से चलता है, न कि हुड़दंगबाजी से।
