Published:
02 Nov 2026, 12:03 PM
Category:
राज्य
|
By: Rishikesh Darpan
उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम ने करवट ली, जिसका असर चमोली जनपद से लेकर राजधानी देहरादून तक देखने को मिला। सुबह से ही बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया।
बर्फबारी के कारण नर-नारायण पर्वत की चोटियां सफेद चादर से ढक गईं, जिससे नजारा बेहद खूबसूरत हो गया। इस बीच, राजधानी देहरादून में भी सुबह से बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते देहरादून समेत प्रदेश के कई मैदानी और पहाड़ी इलाकों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई।
मौसम में इस बदलाव से लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास होने लगा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सर्दी का असर और भी ज्यादा बढ़ गया है, जिसने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तापमान में गिरावट और कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।
