Published:
12 Sep 2026, 04:09 PM
Category:
|
By: Rishikesh Darpan
देहरादून। उत्तराखंड को 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विकासनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी क्रम में विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े नशा तस्कर को 26 लाख रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान का हिस्सा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कोतवाली स्तर पर गठित टीम ने 22 जुलाई 2026 को विकासनगर क्षेत्र के गैस गोदाम के पास 24 वर्षीय जाकिर पुत्र वकील, निवासी बड़ा कुआं मिर्जापुर, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 86.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 26 लाख रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी जाकिर ने खुलासा किया कि वह कैराना, उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से स्मैक खरीदता था और इसे विकासनगर व डाकपत्थर क्षेत्रों में ड्राइवरों, स्थानीय पहाड़ी युवाओं और कॉलेज छात्रों को बेचता था। पुलिस अब उस मुख्य आपूर्तिकर्ता की तलाश कर रही है जिससे जाकिर स्मैक लेता था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
